
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।उन्नाव के मजदूर की मुंबई में मौत, मुंबई में रह कर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था युवक, परिवार में छाया मातम।
अचलगंज थाना क्षेत्र के ठाकुरीखेड़ा गांव निवासी युवक की मुंबई में ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय करन के रूप में हुई है, जो मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताते चले थाना क्षेत्र के गांव कोरारी कलां के मजरा ठाकुरीखेड़ा गांव निवासी देशराज मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके दो बेटे रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। इसी दौरान छोटे बेटे करन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक युवक दोपहर का नाश्ता करने बाहर गया था उसी समय हादसा हुआ है।

घटना के बाद मुंबई में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद मृतक करन का बड़ा भाई शव को लेकर गांव के लिए रवाना हो गया है। सोमवार को युवक का शव शाम 5 बजे गांव पहुंचा।बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर में मातम छा गया।
मृतक करन की एक बड़ी बहन है, जिनकी शादी पहले ही हो चुकी है। करन परिवार का सबसे छोटा बेटा था और उसकी असमय मौत से माता-पिता सदमे में हैं। गांव के लोग भी घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

