
कानपुर देहात।।जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आम जनमानस की शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रद्धा नरेंद्र पांडेय व अपर पुलिस अधीक्षक ने अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने दूर-दराज से आए फरियादियों और पीड़ितों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान आए प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, न्यायपूर्ण तरीके से और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों (COs) ने भी अपने-अपने सर्किलों में जनसुनवाई आयोजित की। अधिकारियों ने अपने कार्यालयों में आए पीड़ितों की व्यथा सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर तत्काल और न्यायोचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा की गई इस जनसुनवाई से फरियादियों में न्याय की आस जगी है।



