
उन्नाव। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान थानों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। बैठक में कई थानेदारों की लापरवाही सामने आने पर एसपी ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट कर दिया कि कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सर्दियों में बढ़ती चोरी–नकबजनी पर एसपी सख्त
कोहरे के कारण बढ़ रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील इलाकों में सक्रिय निगरानी, रात्रि गश्त बढ़ाने और पीआरवी वाहनों की औचक जांच कर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया।
जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई अनिवार्य
जनशिकायतों के निस्तारण में सुस्ती पाए जाने पर एसपी ने नाराज़गी जताई।
उन्होंने निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की स्वयं मॉनिटरिंग कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुकदमों की समीक्षा: लंबित मामलों के निस्तारण को प्राथमिकता
बैठक के दौरान सभी थानों में दर्ज लंबित और गंभीर मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी ने गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताई।
वांछित और वारंटी अपराधियों को हर हाल में पकड़े जाने का आदेश दिया गया।
महिला अपराधों और माफिया पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश
एसपी ने महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने और शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए।
साथ ही गुंडा एक्ट, जिला बदर, माफिया और गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने पर भी बल दिया।
अवैध शराब, शस्त्र और नशे के खिलाफ लगातार अभियान
उन्होंने अवैध शराब, अवैध शस्त्र, जुआ और नशे के कारोबार पर सख्त अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दुष्कर्म और पॉक्सो जैसे संवेदनशील मामलों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को अधिकतम सजा दिलाने की बात कही।
लापरवाही पर कोई रियायत नहीं
बैठक के अंत में एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि थानेदार अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।
जो भी थानेदार लापरवाही करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

