
हार्दोई। लखनऊ के काकोरी से आई बारात में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब डीजे बंद किए जाने की बात पर दूल्हे के जीजा ने डीजे संचालक को गोली मार दी। देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बारात गुरुवार को हरदोई के नेवादा विजय गांव पहुंची थी। बरातियों ने धूमधाम से नाच-गाना किया, लेकिन रात करीब 11 बजे सरकारी आदेश के चलते डीजे बंद कर *दिया गया। इसके बाद सभी रस्में लगभग 11:30 बजे तक पूरी कर ली गईं।
इसी दौरान करीब 12 बजे दूल्हे का जीजा आकाश गौतम और उसका बड़ा भाई अभिषेक गौतम अपनी जगुआर कार से मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों नशे में थे और डीजे फ्लोर पर जाकर म्यूजिक बजाने की जिद करने लगे। जब डीजे संचालक पुत्ती लाल ने सरकारी आदेश का हवाला देकर मना किया, तो दोनों गाली-गलौज पर उतर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आकाश ने अपने भाई के उकसाने पर पिस्टल निकाली और पुत्ती लाल के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई। घायल पुत्ती लाल को सीएचसी अतरोली पहुंचाया गया, जहां गंभीर हालत में उसे लखनऊ रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
गोली मारने के बाद दोनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने शादी के घर का खुशियों भरा माहौल मातम में बदल दिया। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।



