
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।
चमरौली गांव में सोमवार सुबह अजब–गजब मंजर देखने को मिला। किसान खेत में हल–जोत कर रहा था, और अचानक सामने आ गया 6 फीट का विशाल अजगर!
किसान अर्जुन जैसे ही फसल के किनारे पहुँचे, झाड़ियों में से फुफकार की आवाज़ आई। ध्यान से देखा तो मोटा, लंबा, चमकदार अजगर घास में लिपटा पड़ा था। अर्जुन ने चीख लगाई— और देखते ही देखते पूरा गांव खेत पर उमड़ पड़ा!
लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया, बच्चे पेड़ों पर चढ़ गए और महिलाएं दूर से दुआएं पढ़ती रहीं।
अजगर भीड़ देखकर झाड़ियों की तरफ सरकने लगा। घबराहट बढ़ी तो ग्रामीणों ने तुरंत नवाबगंज वन विभाग को सूचना दी।
कुछ ही देर बाद अधिकारी शैलेंद्र पांडे अपनी टीम और उपकरणों के साथ मौके पर पहुँचे।
करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। गांव के लोग दंग रह गए— 6 फीट लंबा अजगर बोरे में बंद कर ले जाया गया।
वन विभाग अधिकारी शैलेंद्र पांडे ने बताया—
“अगर इस तरह का सर्प कहीं दिखाई दे, तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग को कॉल करें।”
गांव में दिन भर अजगर की चर्चा, बच्चे बोले— “सच में इतना बड़ा था, जैसे फिल्म वाला!”



