
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। पुरवा वितरण खंड के मंगतखेड़ा में सोमवार से शुरू हुआ स्मार्ट मीटर अभियान मंगलवार को तगड़े झटके के साथ सुर्खियों में आ गया। निरीक्षण के लिए पहुंचीं मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने मौके पर ऐसी लापरवाहियां देखीं कि गुस्से में तीन अफसरों को तत्काल निलंबित कर दिया।
बाजार में खतरनाक ढंग से खुले ट्रांसफार्मर, बिना फेंसिंग, बिना टेलनेश यूनिट — सुरक्षा से खिलवाड़ पर एमडी ने कहा “यह जनता की जान से खेलना है!”
मामला तब गर्मा गया जब व्यापारियों ने एमडी का काफिला रोक लिया और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) विष्णु दयाल यादव पर अभद्रता और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए।
व्यापारियों ने बताया कि एक्सईएन ने नाराज व्यापारियों से कहा था — “पुलिस बुला लूंगा, ज्यादा बोले तो ठीक कर दूंगा!”
एमडी ने मौके पर पुनः जांच कर एक्सईएन, एसडीओ और जेई को किया सस्पेंड
निरीक्षण के दौरान जब एमडी को बाजार में बिना सुरक्षा फेंसिंग वाले ट्रांसफार्मर, अधूरे कार्य और बिजली बकाया वसूली में लापरवाही मिली, तो उन्होंने मौके पर ही आदेश सुना दिए —
अधिशासी अभियंता पुरवा विष्णु दयाल यादव
उपखंड अधिकारी अनिल वर्मा
अवर अभियंता संतोष श्रीवास्तव — तीनों निलंबित!
इसके बाद एमडी ने एक्सईएन को रायबरेली तलब किया, जबकि मौके पर मौजूद मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता के भी पसीने छूट गए।
जब एक्सईएन ने सफाई देने की कोशिश की तो रिया केजरीवाल ने दो टूक कहा — अब बातें नहीं, काम दिखना चाहिए — रायबरेली मीटिंग में जवाब लेकर आना।”
मंगतखेड़ा का यह मामला सिर्फ बिजली नहीं, व्यवस्था में ‘शॉर्ट सर्किट’ की तस्वीर भी दिखा गया। एमडी की सख्ती ने यह साफ कर दिया — लापरवाही की ‘लाइन’ अब करंट से झुलस जाएगी!

