ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।जिले के अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवई गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। खेत में काम कर रही 75 वर्षीय वृद्धा की जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। परिजनों ने समय रहते अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक का सहारा लिया, जिससे इलाज में देर हो गई और वृद्धा की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के मुताबिक, नवई गांव निवासी कुंवारा (75 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय शिवराज सोमवार सुबह अपने खेत में काम कर रही थीं। इस दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। तबीयत बिगड़ने पर वह किसी तरह घर पहुंचीं और परिजनों को जानकारी दी।

घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय स्थानीय झाड़फूंक कराने का प्रयास शुरू कर दिया। कीमती समय इसी में बीत गया। जब उनकी हालत नाजुक होने लगी, तो आनन-फानन में परिजन उन्हें नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के चार बेटे सुरेंद्र, रामनरेश, सोनेसिंह और राबिन हैं। बताया गया कि सुरेंद्र का निधन पहले ही हो चुका है।
गांव में इस घटना से शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता, तो शायद वृद्धा की जान बचाई जा सकती थी।

