
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।सड़क दुर्घटनाओं में कमी और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को यातायात माह-2025 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर डा. रचना सिंह के निर्देशन में कम्पोजिट विद्यालय कटरी पीपरखेड़ा की छात्राओं पुष्पा व रितिका ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, पैट्रियट इंटर कॉलेज के बच्चों ने सरस्वती वंदना और किंग्सन इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा पर प्रेरक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में डा. रचना सिंह व डा. आशीष श्रीवास्तव द्वारा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसके विजेताओं को समापन दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने ट्रक चालकों, स्कूली वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह अभियान केवल नवंबर माह तक सीमित न रहकर वर्षभर जारी रहना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संचालन डा. आशीष श्रीवास्तव और डा. रचना सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

