
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव/बांगरमऊ।। रविवार को उन्नाव के बुद्धन पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर हरदोई से उन्नाव की ओर जाने वाली दो निजी बसें सवारियों को लेकर आमने-सामने आ गईं। सवारी थी सीमित, लालच था असीमित — और फिर जो हुआ, वो किसी रोडवेज ड्रामा का क्लाइमैक्स बन गया।
जैसे ही दोनों बसें रुकती हैं, वैसे ही दोनों कंडक्टरों की जुबान पर ब्रेक और हाथों में एक्सीलरेटर लग जाता है। जुबानी जंग देखते ही देखते हाथापाई में बदल जाती है। लात, घूंसे, बाल पकड़ने की पुरानी तकनीकें और “कौन ज्यादा सवारी बैठाएगा?” का लाइव मुकाबला… सब कुछ वहीं सड़क पर!
राह चलते एक सज्जन ने मोबाइल उठाया और दोनों कंडक्टरों की “फाइट ऑफ द डे” को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। फिर क्या था, वायरल की रफ्तार किसी ओवरलोडेड बस से भी तेज़ निकली।
“ये रोज़ की कहानी है!” — कहते हैं स्थानीय लोग। उनका कहना है कि यहां रोज सवारी के लिए “कुश्ती” होती है और प्रशासन बस तमाशा देखता है। वहीं, यात्रियों ने कहा कि देरी और बखेड़े अब आम बात हो गई है, “बस में बैठने से पहले अब हेलमेट पहनने का मन करता है!”
वीडियो वायरल होते ही बांगरमऊ पुलिस भी हरकत में आई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच हो रही है और दोनों कंडक्टरों की पहचान की जा रही है।



