लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ने NIRF रैंकिंग 2025 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए मेडिकल संस्थानों की श्रेणी में 19वें स्थान से छलांग लगाकर देशभर में 8वां स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही KGMU ने देश की प्रथम 50 सार्वजनिक राज्य विश्वविद्यालयों में 29वां तथा समग्र विश्वविद्यालय श्रेणी में 50वां स्थान हासिल किया है।
यह सफलता हाल ही में विश्वविद्यालय को मिली प्रतिष्ठित NAAC A++ मान्यता के बाद प्राप्त हुई है, जिससे केजीएमयू परिवार की निष्ठा, परिश्रम और उत्कृष्टता का स्पष्ट प्रतिबिंब सामने आता है।
कुलपति एवं पद्मश्री से सम्मानित प्रो. सोनिया नित्यानंद ने इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी और गहरी सराहना व्यक्त की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की टीम भावना को देते हुए कहा कि अब KGMU देश के शीर्ष संस्थानों में शामिल हो चुका है।
विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और कुलपति के दूरदर्शी नेतृत्व की प्रशंसा की, जिसके तहत विश्वविद्यालय ने इतने विशिष्ट मील के पत्थर हासिल किए।