
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।जिले के औरास थाना क्षेत्र के धमियाना गांव में कचरे का ढेर हटाने को लेकर विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार रात हुए इस संघर्ष में पूर्व प्रधान रामबिलास (49) की डंडे से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, रामबिलास के घर के सामने मौजूदा प्रधान हरिपाल यादव के कुछ समर्थक पिछले तीन साल से घूरा डाल रहे थे। पूर्व प्रधान ने इसकी शिकायत एसडीएम से की थी, जिसके बाद 6 अगस्त को प्रशासनिक टीम ने कचरा हटवा दिया। इसी रंजिश के चलते शनिवार रात करीब नौ बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चल गए।
हमले में रामबिलास की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी गुड्डी को गंभीर हालत में कानपुर हैलट रेफर किया गया है, जबकि बेटी मोनिका का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
मृतक के भतीजे चंद्रप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने मौजूदा प्रधान समेत आठ लोगों पर गैर इरादतन हत्या, दंगा और घातक हथियार के प्रयोग सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह घटना उन्नाव में पंचायत राजनीति की पुरानी रंजिशों के घातक परिणामों को एक बार फिर उजागर करती है।


