
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।। जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना उन्नाव की टीम ने जनवरी से जुलाई 2025 के बीच ठगी के शिकार लोगों के ₹26,66,000 वापस कराए हैं।
यही नहीं, टीम ने 6 पंजीकृत अभियोगों में साइबर ठगों के खातों में मौजूद ₹25,67,705 को फ्रीज भी करा दिया है, जिसे कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ितों को लौटाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी फोन कॉल, फर्जी लिंक, ऑनलाइन खरीदारी और लॉटरी/इनाम का लालच देकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ा रहे हैं। कई मामलों में पीड़ित देर से शिकायत करते हैं, जिससे रकम वापस पाना मुश्किल हो जाता है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि प्रशिक्षित साइबर टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक, वॉलेट कंपनी और पेमेंट गेटवे से संपर्क कर रकम को फ्रीज कराती है। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी अज्ञात कॉल, मैसेज या लिंक पर बैंक विवरण, ओटीपी या कार्ड जानकारी साझा न करें और किसी अनजान ऐप को इंस्टॉल करने से बचें।
पुलिस का मानना है कि जागरूकता और समय पर शिकायत ही साइबर ठगी से बचने और नुकसान की भरपाई का सबसे प्रभावी तरीका है।