
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।
नवाबगंज जैतीपुर संपर्क मार्ग पर गुरुवार को एक चौंकाने वाली हरकत सामने आई, जिसने राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मचा दिया। अजगैन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चर्च स्कूल के पास लखनऊ नंबर के एक ऑटो से आईं पांच महिलाओं की टोली, सड़क पर खड़ी होकर ट्रक, डंपर और राहगीरों से खुलेआम अवैध वसूली कर रही थीं।
गंभीर बात ये कि ये महिलाएं खुद को किसी सहायता समूह या प्रशासनिक दल से जोड़ने की झूठी बात कर रही थीं और जबरदस्ती पैसे ऐंठ रहीं थीं। राहगीरों ने जब इसका विरोध किया तो इनका लहजा आक्रामक हो गया और माहौल डरावना बन गया।
इस पूरे घटनाक्रम की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, नवाबगंज चौकी प्रभारी फौरन फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पांचों महिलाओं को दबोच लिया। गिरफ्तार हुई महिलाएं गुजरात के अहमदाबाद जिले की रहने वाली हैं:
- चंची वारों (27), पत्नी आकाश वारों
- काजल वारों (25), पत्नी भोन्तू वारों
- सपना वारों (30), पत्नी श्याम वारों
- खुशबू वारों (22), पत्नी कमल वारों
- रीना वारों (25), पत्नी विनोद वारों
पुलिस ने इन सभी के खिलाफ धारा 170/126/135 BNSS के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते हैं। “अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो शायद कोई बड़ी घटना हो जाती,” — ऐसा कहना है एक ट्रक चालक का।
पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है, लेकिन सवाल ये भी है — क्या अब सड़कों पर भी आम आदमी सुरक्षित नहीं है? क्या यह गिरोह और भी इलाकों में सक्रिय है? प्रशासन को अब अलर्ट मोड में आना होगा।



