
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।। जिले के लोगों के लिए आज एक बड़ी और गौरवपूर्ण खबर है। लखनऊ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली प्रतिष्ठित वीआईपी ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस को अब उन्नाव रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव मिल गया है। इस ऐतिहासिक मौके पर सांसद साक्षी महाराज ने खुद ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहा। शताब्दी एक्सप्रेस का यह ठहराव सांसद साक्षी महाराज की पहल पर संभव हुआ है। उन्होंने लगातार यात्रियों की इस मांग को रेल मंत्रालय तक पहुँचाया और अंततः रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस पर सकारात्मक निर्णय लिया।
अब शताब्दी एक्सप्रेस का शेड्यूल इस प्रकार होगा:
ट्रेन संख्या 12003, लखनऊ से दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर 4:21 बजे उन्नाव पहुंचेगी। यहाँ दो मिनट रुकने के बाद आगे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी। जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 12004 सुबह 11:56 बजे उन्नाव पहुंचेगी और फिर लखनऊ की ओर रवाना होगी। अब तक यह ट्रेन कानपुर, फफूंद, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे स्टेशनों पर रुकती थी। उन्नाव का इसमें जुड़ना जिले के लिए एक नई उपलब्धि है।
साक्षी महाराज ने कहा- यह केवल एक ट्रेन का ठहराव नहीं, बल्कि उन्नाव के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ। शताब्दी एक्सप्रेस के इस नए ठहराव से अब उन्नाव के हजारों यात्रियों को राजधानी और देश की राजधानी के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।



