
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव/अजगैन।
विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा एक बार फिर मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। अजगैन नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत अजगैन-भौली मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय सिंहनापुर में सोमवार शाम से बिजली गुल है। दो दिन से लगातार स्कूल अंधेरे और गर्मी में डूबा हुआ है, लेकिन जिम्मेदार चुप्पी साधे बैठे हैं।
विद्यालय की शिक्षिका अर्चना के अनुसार, विद्यालय को आपूर्ति करने वाली केबल का तार पास स्थित ट्रांसफार्मर से तेज बारिश और हवा के कारण टूट गया। इस संबंध में समय पर विद्युत विभाग को टोलफ्री नंबर पर सूचना दी गई थी, ताकि जल्द मरम्मत हो सके। लेकिन 48 घंटे बीतने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है।
बिजली न होने से स्कूल में पंखे बंद पड़े हैं, ट्यूबवेल काम नहीं कर रहा, जिससे बच्चों को पीने का साफ पानी तक नहीं मिल पा रहा है। गर्मी से बेहाल बच्चे प्यासे हैं, पढ़ाई ठप है, लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह से उदासीन बने हुए हैं।
सवालों के घेरे में विद्युत विभाग:
आखिर 48 घंटे बाद भी तार क्यों नहीं जोड़ा गया?
बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से ऐसा खिलवाड़ कब तक चलेगा?
क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार है?
जनता जवाब मांग रही है — क्या बच्चों की तकलीफ भी अब सिस्टम को नहीं झकझोरती?

