
फतेहपुर।। हथगाम थाना क्षेत्र के जगन्नाथीपुर में ट्रक के पास खड़े एक युवक के ऊपर हाईटेंशन 11000 बिजली की तार गिरने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक ट्रक में कंडक्टर था।
पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका लड़का 20 वर्षीय गुलाब सिंह ट्रक में कंडक्टर था। बीती रात ड्राइवर संतलाल अपने साढू के यहां ट्रक नंबर यूपी-11बीटी/4333 लेकर जगन्नाथीपुर ग्राम पंचायत मोहलिया आया था। ड्राइवर गांव के किनारे ट्रक को खड़ा कर अपने साढू के यहां चला गया। रात लगभग नौ बजे गुलाब सिंह ट्रक के पास खड़ा था तभी 11 हजार हाईटेंशन तार टूट कर उसके ऊपर गिर गया। तार ने युवक की गर्दन को लपेट लिया। जब तक गर्दन झुलस नहीं गई तार लिपटी रही।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर दुर्गेश प्रसाद गुप्त सीनियर सब इंस्पेक्टर विद्या प्रकाश सिंह सहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ लोग शव को सड़क पर रखना चाहते थे लेकिन बाद में बड़े बुजुर्गों और पुलिस प्रशासन के प्रयास से शव को थाने लाया गया। पुलिस ने पंचनामा कर आगे की कार्रवाई पूरी की। युवक की मौत की खबर लगते ही जगन्नाथीपुर गांव में हर व्यक्ति दुखी नजर आया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं थीं। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल रहा।


