
फतेहपुर : थाना असोथर क्षेत्र के एक गांव से बेहद मार्मिक और शर्मनाक मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद में एक बुजुर्ग महिला को उसके ही बड़े बेटे, बहू और बहू की बहन ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। बरसात की काली रात में महिला दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोटवा मजरे ऐझी निवासिनी बुजुर्ग महिला शिवरानी ने पुलिस को बताया कि उसके बड़े बेटे शिवम, बहू अंजू देवी, घर में रह रही बहू की बहन सीमा देवी ने मिलकर उसके साथ और छोटे बेटे जयओम के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की। बुजुर्ग महिला ने बहू से रुपये चोरी होने की बात पूछी थी, जो बहू को नागवार गुज़री। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया।
महिला के अनुसार, बहू और बहू की बहन ने गालियां दीं और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद बेटे शिवम ने भी मारपीट की और मां को घर से बाहर निकाल दिया। महिला ने बताया कि जब वह रोती-बिलखती बाहर बैठी थी, तो किसी ने भी उसे पानी तक नहीं पूछा।
बारिश की तेज बूंदों में भीगती महिला किसी तरह पड़ोसियों और छोटे बेटे की मदद से थाने पहुंची और वहां थाना प्रभारी निरीक्षक अभिलाष तिवारी को पूरी आपबीती सुनाई। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता से लिखित शिकायत ली और तत्काल जांच पड़ताल का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

