
अमेठी, 19 जून। शासन के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याएं व सुझाव सुने गए और तत्काल निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
किसान दिवस में किसानों ने अघोषित बिजली कटौती, बिना रीडिंग के मनमाने बिल, माइनरों की सफाई, सहभागिता योजना के अंतर्गत भुगतान में देरी, स्वास्थ्य विभाग में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती, नीलगाय व निराश्रित गोवंशों से फसलों को होने वाले नुकसान जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। इन सभी मुद्दों पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती, कीट व चूहे नियंत्रण और जैविक खेती के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं जैसे कृषि, मत्स्य, उद्यान और पशुपालन से संबंधित जानकारी भी किसानों को दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। इस अवसर पर जनपद के प्रगतिशील किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने खेती को लाभकारी बनाया है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार तिवारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, नलकूप एवं विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा अनेक किसान उपस्थित रहे।



