
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक तकरार एक बार फिर सुर्खियों में है। उत्तर प्रदेश इंजीनियर्स एसोसिएशन और सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने आजमगढ़ के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार द्वितीय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
दरअसल, आरोप है कि आजमगढ़ के डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उनके साथ गाली-गलौज और जानलेवा हमला करने की कोशिश भी की। इसी के विरोध में प्रदेशभर के इंजीनियरिंग कर्मियों में आक्रोश है।
बुधवार को उन्नाव में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने आजमगढ़ डीएम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सिंचाई विभाग के एक्सईएन शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि, “हमारे एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ डीएम द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। ये केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि पूरे विभाग की गरिमा का प्रश्न है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती तो विरोध प्रदर्शन और व्यापक रूप ले सकता है। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगामी कदम उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार उठाए जाएंगे, लेकिन यदि न्याय नहीं मिला तो पूरे प्रदेश में विरोध और तेज़ किया जाएगा।



