
नगर संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को एक तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। चकलवंशी-परियर मार्ग पर हुए इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई, जिससे 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। छत्ता खेड़ा गांव से परियर घाट जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली के पलटते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सीएचसी सफीपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। माखी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली को हटवाया और यातायात बहाल किया। पुलिस ने लोडर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचकर रो-रोकर बेहाल हैं और लोडर चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



