
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा पड़ोसी राज्यों एवं नेपाल से जनता को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुख्यालय में बिहार परिवहन विभाग के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बिहार सरकार के परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल एवं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच परिवहन सेवा को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए गहन चर्चा की गई। दोनों राज्यों के बीच नए जनपदों एवं क्षेत्रों को परिवहन नेटवर्क से जोड़ने के लिए पुनः बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी, जिससे यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सके।

इसके अलावा, निजी क्षेत्र की सहभागिता बढ़ाने के लिए अनुबंधित बसों के संचालन पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बिहार राज्य के बस स्टेशनों पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों को समुचित सुविधाएं प्रदान करने का आश्वासन दिया गया, जिससे दोनों राज्यों के बीच यात्रियों को परेशानी मुक्त परिवहन सेवाएं मिल सकें।
बैठक के अंत में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बिहार सरकार के परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल को धन्यवाद ज्ञापित किया और महाकुंभ-2025 का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सौहार्द्रपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



