
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बुधवार तड़के बड़ा हादसा होने से टल गया। चंदन खेड़ा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी बस में अचानक धुआं उठने से अफरातफरी मच गई। लेकिन मौके पर मौजूद पीआरवी 122 (गाड़ी संख्या 6808) के कांस्टेबल रवि नागर ने अपनी त्वरित कार्रवाई और बहादुरी से लगभग 60 लोगों की जान बचा ली।
यह घटना सुबह करीब 4 बजे थाना फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के अंतर्गत हुई। बस संख्या UP30BT1206 में करीब 60 पुरुष, महिलाएं और बच्चे बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। तभी अचानक बस में वायरिंग शॉर्ट सर्किट से धुआं निकलने लगा।
अपने प्वाइंट पर तैनात कांस्टेबल रवि नागर ने महिलाओं की चीख-पुकार सुनी और तुरंत पीआरवी लेकर बस के पीछे दौड़ पड़े। पुलिस ने बिना देर किए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया और पास के पेट्रोल पंप पर उन्हें सुरक्षित ठहराया।
कुछ देर बाद बस की तकनीकी खराबी दूर की गई, जिसके बाद सभी श्रद्धालु सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। श्रद्धालुओं ने पीआरवी पुलिस टीम की तत्परता और साहसिक कार्य की जमकर सराहना की और पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

