
इटावा: जनपद में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इटावा पुलिस को एक और सफलता मिली है. थाना बसरेहर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. उसके पास से एक अवैध अधिया रायफल 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस अधीक्षक स्तर पर मिल रहे निर्देशों के चलते जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी शिकंजा कसा जा रहा है.
देर रात 28अक्टूबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के आदेशों के क्रम में थाना बसरेहर पुलिस टीम थाना क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान पर थी. इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पत्तापुर गांव के निकट लोहिया नहर पटरी पर एक व्यक्ति बोरे में अवैध हथियार लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और किसी वारदात की फिराक में नजर आ रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए संदिग्ध युवक को दबोच लिया.
पकड़े गए युवक की पहचान रामकिशोर उर्फ मुलु (32) पुत्र राकेश कुमार निवासी लोहिया खुर्द थाना बसरेहर के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद किए गए, जिनके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया. पुलिस ने अवैध हथियार अधिनियम के तहत आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी और बरामदगी की इस कार्यवाही में थानाध्यक्ष बसरेहर सौरभ सिंह, उपनिरीक्षक अलख निरंजन, कांस्टेबल अवनीश एवं अरविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक प्रभावी तरीके से जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे.



