
लखनऊ, 24 सितम्बर।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश की केन्द्रीय कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न हो गया है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक माहौल के बीच पदाधिकारियों का चयन किया गया। इस चुनाव में संगठन मंत्री पद पर धर्मेंद्र सिंह को सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित किया गया। उनके निर्विरोध चुने जाने पर परिषद के सदस्यों और कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है। परिषद पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि धर्मेंद्र सिंह संगठन की मजबूती, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और परिषद की नीतियों को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे। कार्यकारिणी के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का विभिन्न इकाइयों ने स्वागत किया और उन्हें बधाइयाँ दीं।



