कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक राहुल बच्चा सोनकर के एक विवादित बयान ने शहर का सियासी और सामाजिक पारा गरमा दिया है। विधायक द्वारा कथित तौर पर ‘मस्जिदों के सामने सुअर की बोटियां मिलेंगी’ वाले बयान के विरोध में आज जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सड़कों पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक के इस बयान को ‘हेट स्पीच’ करार देते हुए उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
“आजम खान जैसा हो एक्शन”
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। मुस्लिम समुदाय के नेताओं का कहना है कि विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने धार्मिक भावनाओं को भड़काने और शहर की शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश की है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिस तरह हेट स्पीच के मामलों में आजम खान जैसे नेताओं पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की गई थी, ठीक वैसी ही कार्रवाई बीजेपी विधायक पर भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की “गंदी और भड़काऊ” भाषा शोभा नहीं देती।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पिछले दिनों एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक राहुल बच्चा सोनकर का एक कथित वीडियो सामने आया था, जिसमें वह विवादित टिप्पणी करते नजर आए थे। बयान वायरल होने के बाद से ही मुस्लिम संगठनों में गहरा रोष था। आज शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शहर की विभिन्न मस्जिदों के बाहर लोग इकट्ठा हुए और विधायक के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेतृत्व से भी अपील की कि ऐसे नेताओं पर अंकुश लगाया जाए जो समाज में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं



