
लखनऊ।।राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गांधीनगर, गुजरात में डीन, शोध एवं सह आचार्य (विधि) के पद पर कार्यरत डॉ. आनंद कुमार त्रिपाठी ने आज दिनांक 14 अप्रैल 2025 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक शिष्टाचार भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल को अपनी नवीनतम पुस्तक ‘भारतीय न्याय संहिता: एक काव्य खंड’ भेंट की।
यह पुस्तक भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता एवं साक्ष्य अधिनियम पर आधारित नए आपराधिक विधियों को काव्यात्मक शैली में प्रस्तुत करती है, और रामचरितमानस की साहित्यिक विधा में रचित होने के कारण यह विधि व साहित्य का अद्भुत संगम है।
इस पुस्तक का औपचारिक विमोचन भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री माननीय श्री अमित शाह जी द्वारा दिनांक 19 नवम्बर, 2024 को राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गांधीनगर में आयोजित 50वें अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान सम्मेलन के दौरान संपन्न हुआ था।
यह अनूठी पुस्तक हिन्दी भाषा में कानून को सरल और सहज रूप में समझने हेतु एक सराहनीय प्रयास है। यह विशेष रूप से पुलिस अधिकारियों, विधि के विद्यार्थियों, न्यायाधीशों, प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
डॉ. त्रिपाठी ने इस पुस्तक में भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों को भारतीय ज्ञान परंपरा, धर्मशास्त्रों एवं प्राचीन ग्रंथों से संबंधित विशेष सन्दर्भों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रस्तुत किया है। यह रचना केवल एक विधिक कृति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, भाषा और ज्ञान परंपरा को समर्पित एक शोधपरक साहित्यिक योगदान भी है।
डॉ. आनंद कुमार त्रिपाठी को उनकी साहित्यिक अभिरुचि एवं इस विधा में विशेष योगदान हेतु वर्ष 2023 में ‘सरस्वती पुत्र सम्मान’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।